National

दिल्ली सहित पांच राज्यों में प्रचंड गर्मी, लू का रेड अलर्ट; औसत अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार

दिल्ली। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत उत्तर पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में पारा चढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने पांच दिन के लिए प्रचंड गर्मी व भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन पांचों राज्यों में सोमवार को औसत अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिन भीषण लू के चलते सुबह से ही दिन तपने लगेगा, जनजीवन प्रभावित होगा। मध्य प्रदेश, ओडिशा और गुजरात में भी पांच दिन लू के आसार हैं। पारा दो से तीन डिग्री तक चढ़ेगा। अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। हालांकि, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई, पर लू के अलर्ट के मद्देनजर स्कूलों का समय बदल दिया गया।

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन पारा 47 डिग्री पार
दिल्ली में सोमवार को लगातार दूसरे दिन पारा 47 डिग्री के पार चढ़ा। दिल्ली के नजफगढ़ में सोमवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री रहा। पीतमपुरा में 46.6 डिग्री, पूसा में 46.1 डिग्री, आया नगर में 45.7 डिग्री और पालम में तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली सरकार ने जिन स्कूलों में ग्रीष्मावकाश नहीं हुए, उन्हें तत्काल प्रभाव से छुट्टियां करने का निर्देश दिया।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!