Weather Report: देश के इन राज्यों में बाढ़ की चेतावनी, यूपी और बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

देश के कई राज्यों में मानसून के दूसरे दौर की बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। कुछ राज्यों को जहां इस बारिश से राहत मिल रही है तो वहीं कई राज्यों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है देश के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है साथ ही विभाग ने कहा कि भारी बारिश से कई स्थानों पर अचानक बाढ़ आ सकती है। आइए जानते हैं कि किन-किन राज्यों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है…
इन राज्यों में बाढ़ की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य भारत और पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर अचानक बाढ़ आ सकती है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, गोवा,कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ शामिल हैं। गोदावरी और कृष्णा नदी का जल स्तर काफी बढ़ा हुआ है।वहीं पूर्वी राज्यों की बात करें तो उत्तर बिहार में बाढ़ का पानी कई गांवों में घुस गया है।
उत्तरी बिहार में बाढ़ का खतरा
पिछले कुछ दिनों से बारिश की रफ्तार बढ़ने के कारण भारत-नेपाल सीमा पर स्थित उत्तरी बिहार के कुछ हिस्सों में कोसी, कमला बलान, बागमती, महानंदा और परमान जैसी लगभग सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर में वृद्धि हुई है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक पटना, बेगूसराय, कटिहार, अररिया, मधेपुरा, सुपौल और सहरसा जिला के कुछ गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं बाढ़ के डर से लोगों ने सुरक्षित जगहों पर पलायन शुरू कर दिया है।
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, पश्चिम बंगाल में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना
मौसम विभाग ने कहा कि आज और कल (9 और 10 अगस्त) को झारखंड में छिटपुट भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने के साथ व्यापक वर्षा की संभावना है। 9 और 10 अगस्त को ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि शनिवार शाम को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से दूर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का चक्रवात बना है। जिसके तेज होने से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम कार्यालय ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का एक लंबा क्षेत्र भी सक्रिय है और अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में स्थित है और अगले 4-5 दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा।









