National

Accident : लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दूध के टैंकर से भिड़ी बस, 18 लोगों की मौत; 20 घायल

उन्नाव। उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया। बेहटा मुजावर क्षेत्र के गढ़ा गांव के पास स्लीपर बस आगे चल रहे दूध के टैंकर में पीछे से टकरा गई। हादसे में एक बच्‍चे समेत 18 लोगों की मौत हो गई, जबक‍ि 20 लोग घायल हो गए। सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लिया है। उन्‍होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंचने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश द‍िए हैं।

हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ है। स्लीपर बस आगे चल रहे दूध टैंकर में पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। यूपीडा कर्मियों ने पुलिस को सूचना देकर बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच मौके पर पहुंची बांगरमऊ, बेहटामुजावर थाना पुलिस ने राहगीरों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया।

ब‍िहार से द‍िल्‍ली जा रही थी बस
सीओ अरविंद सिंह ने बताया कि बस बिहार से दिल्ली जा रही थी, जिसमें अधिकतर मजदूर सवार थे। बस में करीब 50 लोग सवार थे, चालक को झपकी लगने से हादसे की संभावना है। दिवंगत लोगों व घायलों के नाम पते की जानकारी कराई जा रही है, सभी को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसडीएम नम्रता सिंह ने पहले घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की फिर सीएचसी में घायलों से जानकारी ली। डॉक्टरों को इलाज के निर्देश दिए।

उन्नाव, कानपुर के सभी अस्‍पतालों को क‍िया गया अलर्ट
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई है, 18 लोगों के हताहत और 19 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को उच्च स्तरीय अस्पतालों में ले जाया जा रहा है, उन्नाव, कानपुर के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।” उन्‍होंने बताया क‍ि ज्यादातर घायल बिहार के हैं, हम बिहार सरकार के साथ संपर्क में हैं। घटना के कारणों का जांच के बाद पता चलेगा, लेकिन फिलहाल घायलों का इलाज हमारी प्राथमिकता है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!