National

Rain Alert: इन राज्यों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश, दिल्ली में पड़ेगी प्रचंड गर्मी,मध्य भारत में चलेगी आंधी

दिल्ली। दिल्ली सहित देशभर में गर्मी का असर बढ़ने वाला है, और खासकर दिल्लीवासियों को अगले कुछ दिनों तक प्रचंड गर्मी का सामना करना होगा। दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटे में तापमान में 1 डिग्री का उछाल आया, जिससे अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 22 से 24 मार्च तक दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, लेकिन हल्की धुंध और तेज धूप से गर्मी में और इजाफा होगा।

इसके साथ ही भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि के संकेत दिए गए हैं। साथ ही, आंध्र प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है।

मध्य भारत में तूफानी मौसम की चेतावनी
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में स्थित साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बंगाल की खाड़ी से लेकर आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। 22 मार्च को, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 40-50 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने के साथ-साथ तेज गरज और बिजली गिरने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में मूसलधार बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर के असम में एक चक्रवाती क्षेत्र बन चुका है, जिससे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन राज्यों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा।

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार
दक्षिण भारत के राज्यों में 23 मार्च तक तेज गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है, खासकर 22 मार्च को तमिलनाडु में। तेलंगाना में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

तापमान में बढ़ोतरी, आंध्र प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी
देशभर में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में सबसे अधिक तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, ओडिशा में तापमान 36-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बढ़ेगा, और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!