National

Weather Alert : अगले 24 घंटे में बिगड़ने वाला है मौसम, आंधी-तूफान और भारी बारिश के लिए IMD का अलर्ट

दिल्ली। देश के करोड़ों लोग जो पिछले कुछ दिनों से झुलसा देने वाली गर्मी और तपती लू का सामना कर रहे हैं, उनके लिए अब एक अच्छी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि भीषण गर्मी के इस सिलसिले पर जल्द ही ब्रेक लग सकता है। अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम में नाटकीय बदलाव देखने को मिलेगा—जहां तेज आंधी, धूल भरी हवाएं, हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में मौसम बदलेगा पहले

सबसे पहले राहत की शुरुआत उत्तर पश्चिम भारत से होगी। राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में अगले 27 घंटों में तेज़ हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। यह बदलाव धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ते हुए बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक पहुंचेगा।

शुरू हो चुकी है प्री-मानसून हलचल

IMD ने बताया है कि प्री-मानसून गतिविधियां अब रफ्तार पकड़ रही हैं। 26 और 27 अप्रैल को कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं, और कई इलाकों में बारिश तथा ओले गिरने की भी संभावना है। इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि वायु गुणवत्ता में भी सुधार हो सकता है।

कहां-कहां होगी बारिश?

26 अप्रैल से दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश (जैसे आगरा, अलीगढ़, हाथरस, झांसी, महोबा, प्रयागराज, वाराणसी) और मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ के हिस्सों में तेज़ आंधी के साथ बारिश हो सकती है।

27 अप्रैल के बाद, मौसम का मिज़ाज पूर्वी भारत में भी बिगड़ेगा। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ भारी बारिश, ओलावृष्टि और हवाएं चलने के आसार हैं।

पहाड़ी और दक्षिणी राज्यों में भी असर

पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!