National

NH 11 :दो कारों की आपस में भिंड़त में उड़ गए परखच्चे: 5 लोगों की दर्दनाक मौत, 4 लोग घायल, कटर से काटकर निकाले गए शव

बीकानेर । राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे-11 पर सिखवाल उपवन के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहाँ दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दुर्घटना श्रीडूंगरगढ़-रतनगढ़ मार्ग पर हुई जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को बीकानेर रेफर, यातायात बाधित
थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी ने बताया कि घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस भीषण हादसे के कारण मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिससे लंबा जाम लग गया। फिलहाल, पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क को साफ करा दिया है और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और वे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को निकालने के लिए बचाव दल को कटर का इस्तेमाल कर कारों के दरवाज़े काटने पड़े। इसके बाद क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को अलग किया गया।

इस हृदय विदारक घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button