National

हिमाचल प्रदेश के मंडी में भारी बारिश से मची तबाही, भूस्खलन के कारण मलबे की चपेट में आने से दो मौत, 20 से ज्यादा गाड़ियां दबी

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी में फिर से आसमानी आफत ने तबाही मचाई है। लवांडी ब्रीज़ के पास भूस्खलन की वजह से अब तक कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़कों का हाल बेहाल है। वहीं दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त और मलबे में दबे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, धर्मपुर लोनिवि मंडल कार्यालय व अधीक्षण अभियंता कार्यालय के उपर भारी भूस्खलन से गाड़ियों के दबने की भी सूचना है। मलबे में फंसे लोग खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाले हैं।

पुलिस नियंत्रण कक्ष, मंडी से मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-154 (मंडी से जोगिंद्रनगर मार्ग) पर लवांडी ब्रीज के पास भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।

पुलिस नियंत्रण कक्ष मंडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-21 (मंडी से कुल्लू मार्ग) 4 मील, 9 मील (नज़दीक पंडोह) एवं डवाड़ा (नजदीक औट) के पास भूस्खलन के कारण मार्ग वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है।

नगर आयुक्त मंडी रोहित राठौर ने कहा कि मंडी में भारी बारिश के कारण ऊपरी इलाकों का मलबा निचले इलाकों में जमा हो गया। यह बादल फटने का नतीजा हो सकता है। सभी अधिकारी फिलहाल राहत कार्य में जुटे हैं। हमें जेल रोड के पास हुए नुकसान की सूचना मिली है। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई है। हमें 2 शव मिले हैं।

एनएचएआई के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण मार्ग को बहाल करने में कठिनाई आ रही है। वर्षा बंद होने के बाद ही मार्ग को खोल दिया जायेगा।

मंडी में भारी बारिश के कारण दोनों प्रमुख नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया है। चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे बीती रात से बंद पड़ा है। चंडीगढ़-मनाली एनएच पर 4 मील, 9 मील, दवाड़ा, झलोगी और अन्य स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ है। इसी तरह से पठानकोट मंडी पर भी पत्थर से लेकर मंडी तक अनेकों स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। जिले में अभी भी बारिश का दौर जारी है। राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। मंडी शहर के विक्टोरिया पुल के पास लैंडस्लाइड भी हुआ है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!