National

आप के कार्यालय में पुलिस का छापा, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे सीएम केजरीवाल!

अहमदाबाद: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता इसुदान गढ़वी ने दावा किया है कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के यहां पहुंचते ही स्थानीय पुलिस ने अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके में पार्टी कार्यालय पर छापा मारा, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। हालांकि, एक पुलिस अधिकारी ने इस दावे का खंडन किया और कहा कि जब आप पदाधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि छापेमारी किसने की और वास्तव में क्या हुआ।

 दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल रविवार शाम अहमदाबाद पहुंचे और उनका सोमवार और मंगलवार को ऑटो-रिक्शा चालकों, व्यापारियों, वकीलों और सफाई कर्मचारियों के साथ टाउन हॉल में बैठकें करने का कार्यक्रम है। आप के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव गढ़वी ने रविवार देर रात एक ट्वीट में कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल के यहां पहुंचते ही स्थानीय पुलिस ने अहमदाबाद में आप कार्यालय पर छापा मारा। वे दो घंटे तक कार्यालय की तलाशी लेने के बाद चले गए क्योंकि उन्हें कुछ नहीं मिला।’’

गढ़वी के ट्वीट को टैग करते हुए केजरीवाल ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप को गुजरात के लोगों से अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है, इसके कारण सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) होश खो बैठी है। दिल्ली के बाद, उन्होंने गुजरात में भी छापेमारी शुरू कर दी है लेकिन दिल्ली की तरह उन्हें गुजरात में भी कुछ नहीं मिला है।’’ हालांकि, नवरंगपुरा पुलिस थाना के निरीक्षक पी. के. पटेल ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा कि ऐसी कोई छापेमारी नहीं की गई थी।

पटेल ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘छापे को लेकर गढ़वी के ट्वीट के बारे में जानकारी मिलने के बाद बाद मैं, व्यक्तिगत रूप से रविवार रात पार्टी कार्यालय गया और विवरण मांगा। लेकिन वहां मौजूद यज्ञेश नामक व्यक्ति सहित पार्टी नेताओं ने गढ़वी के दावे के मुताबिक कोई विवरण नहीं दिया कि कौन आया था और वास्तव में क्या हुआ।’’

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!