National

सीपी राधाकृष्णन बने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति, आज लेंगे शपथ…जानें चुनाव परिणाम और पूरी जानकारी

CP Radhakrishnan : आज भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार, 12 सितंबर को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगी। बता दें कि जुलाई में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से अचानक इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह पद रिक्त हो गया।

9 सितंबर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को हराकर जीत दर्ज की। इस चुनाव में कुल 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया, यानी लगभग 98.2 प्रतिशत वोटिंग हुई। निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने नतीजों की घोषणा करते हुए बताया कि राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए।

नतीजे घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को जीत की बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि वे भारत के संवैधानिक मूल्यों को और मजबूत करेंगे और संसदीय संवाद में सकारात्मक योगदान देंगे।

शपथ ग्रहण से ठीक एक दिन पहले, 11 सितंबर को सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद राष्ट्रपति कार्यालय ने घोषणा की कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

देश के नए उपराष्ट्रपति के रूप में सीपी राधाकृष्णन से जनता और राजनीतिक जगत को बड़ी उम्मीदें हैं। उनका कार्यकाल न केवल संसदीय परंपराओं को मजबूत करेगा बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को भी नई दिशा देगा।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!