संदिग्ध मौत पर फूटा गुस्सा: युवक का शव रखकर दुर्गा चौक में चक्काजाम, “5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो मैं भी धरने पर बैठूंगा” : राकेश जालान के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन…
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:- पेंड्रा नगर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक का शव दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मामले में हत्या का अपराध दर्ज करने की मांग की। कई घंटों तक चले प्रदर्शन के कारण नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल मिस्त्री था। उसका शव पेंड्रा के घसियापारा क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।

शव रखकर किया प्रदर्शन..
मृतक के परिजनों का आरोप है कि सुरेंद्र की मौत सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। इसी मांग को लेकर परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर पेंड्रा के व्यस्त दुर्गा चौक पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष ने संभाला मोर्चा..
स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान स्वयं दुर्गा चौक पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि मामला हत्या का है या आकस्मिक मृत्यु का। इसका स्पष्ट निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
राकेश जालान ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि 4 से 5 दिनों के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती या पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तो वे स्वयं परिजनों के साथ धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर न्याय की लड़ाई लड़ेंगे। आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर अंतिम संस्कार के लिए सहमत हो गए।
मृतक के भाई ने उठाए गंभीर सवाल
मृतक के भाई राजेंद्र कश्यप ने घटना को हत्या बताते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि परिवार को पहले बताया गया था कि सुरेंद्र का शव नाली में मिला है, जबकि जिस स्थान पर शव मिला वहां कोई नाली नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेंद्र का शव एक आम के पेड़ के सहारे टिकाकर रखा गया था और उसकी मोटरसाइकिल भी शव से काफी दूरी पर खड़ी मिली। इसके अलावा उसके काम के औजार, पर्स और अन्य सामान भी मौके से गायब थे।
राजेंद्र ने बताया कि जब सुरेंद्र की पत्नी ने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया। इन परिस्थितियों के आधार पर परिजनों का कहना है कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है।
पुलिस ने कहा- हर पहलू की हो रही जांच..
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात सारथी मोहल्ला क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि थाना पेंड्रा में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। हत्या की आशंका के चलते परिजनों ने शव लेकर प्रदर्शन किया।
एएसपी ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे जिले की नजर इस मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।






