कोटमी बाजार कांड: प्रदीप सोनी गोलीकांड के आरोपियों की तलाश तेज, आरोपियों की सूचना देने पर मिलेगा 30 हजार का इनाम..
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:- जिले के बहुचर्चित कोटमी साप्ताहिक बाजार गोलीकांड एवं लूटकांड मामले में फरार अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनामी राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए यह घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को चौकी कोटमी, थाना पेंड्रा अंतर्गत कोटमी साप्ताहिक बाजार में अज्ञात बदमाशों ने मरवाही रोड पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी को गोली मारकर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे और अब तक पुलिस उनकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।

मामले में पहले पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। इसके बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत इनामी राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी है।
घोषणा के अनुसार जो व्यक्ति आरोपियों के संबंध में विश्वसनीय जानकारी देगा, उनकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना उपलब्ध कराएगा अथवा घटना से संबंधित ऐसा फोटो या वीडियो देगा जिससे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 30 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।







