Chhattisgarh

दुर्ग में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की फसल नष्ट करने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम

भिलाई। दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक अभियान शुरू किया। अधिकारियों की मौजूदगी में खेतों में उगाए गए करीब 14 लाख अफीम के पौधों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अवैध फसल की बाजार कीमत लगभग आठ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक इस पूरे मामले का खुलासा होली से एक दिन पहले 3 मार्च को हुआ था। बताया गया कि कुछ बच्चे खेत के पास पहुंचे थे, जहां उन्हें संदिग्ध पौधे दिखाई दिए। बच्चों ने जिज्ञासावश उन पौधों की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन से खींच लीं और बाद में गांव के लोगों को दिखाईं।

ग्रामीणों को जब इन पौधों पर संदेह हुआ तो उन्होंने इंटरनेट पर गूगल के जरिए उनकी जानकारी जुटाई। जांच करने पर पता चला कि खेत में लगे पौधे अफीम के हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में अवैध अफीम की खेती की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और खेत में लगे लाखों पौधों को नष्ट करने का अभियान चलाया। मामले में आगे की जांच भी जारी है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!