छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती प्रणाली में बड़ा बदलाव, SSC की तर्ज पर बनेगा नया चयन मंडल

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार अब केंद्र की तर्ज पर एक नया चयन मंडल बनाने की तैयारी कर रही है, जो कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की तरह काम करेगा। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अलग-अलग विभागों द्वारा आयोजित होने वाली कई भर्ती परीक्षाओं को समाप्त कर एक संयुक्त परीक्षा प्रणाली लागू की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के पास छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के गठन का प्रस्ताव भेजा गया है। संभावना जताई जा रही है कि इसे छत्तीसगढ़ विधानसभा के मौजूदा सत्र में पेश किया जा सकता है। 9 से 20 मार्च के बीच चल रहे सत्र के दौरान इस संबंध में बिल लाए जाने की चर्चा है।
वर्तमान में राज्य में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) और व्यापमं के माध्यम से करीब 30 प्रकार की भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। नए प्रस्ताव के तहत इन परीक्षाओं को पांच अलग-अलग श्रेणियों में बांटने की योजना है। समान योग्यता वाले पदों के लिए अब संयुक्त परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिससे विभागों को बार-बार अलग से परीक्षाएं कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित हो सकेगी। साथ ही समय की बचत भी होगी और परीक्षाओं के आयोजन में होने वाली जटिलताओं को कम किया जा सकेगा।
बताया जा रहा है कि राज्य की साय सरकार भर्ती प्रक्रिया में सुधार को लेकर तेजी से काम कर रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में भर्ती परीक्षाओं की समीक्षा भी की थी और प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष तथा समयबद्ध बनाने पर जोर दिया था।









