अरपा महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पेंड्रा नगर के सर्वांगीण विकास हेतु अध्यक्ष राकेश जालान ने सौंपा विस्तृत मांग पत्र..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले में आयोजित भव्य अरपा महोत्सव एवं 300 जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पेंड्रा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राकेश जालान ने मुलाकात कर नगर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों हेतु विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश जालान ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पेंड्रा नगर तेजी से विकसित हो रहा है, लेकिन आधारभूत संरचनाओं के अभाव में कई महत्वपूर्ण योजनाएं लंबित हैं। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए इन कार्यों के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

पेंड्रा बायपास निर्माण की पुरानी मांग दोहराई..
मांग पत्र में सबसे प्रमुख मुद्दा पेंड्रा बायपास निर्माण का उठाया गया। बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा इसकी घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक कार्य की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। बायपास निर्माण से शहर में बढ़ते यातायात दबाव में कमी आएगी और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगेगा।
नगर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की मांग..
नगर पालिका परिषद के नवीन भवन निर्माण (150 लाख रुपए) का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें। बांधा–रानी तालाब के सौंदर्यीकरण हेतु 1000 लाख रुपए की मांग की गई है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर..
मल्टीपरपज ग्राउंड में 400 लाख रुपए की लागत से स्टेडियम निर्माण तथा 200 लाख रुपए से सर्वसुविधायुक्त इंडोर स्टेडियम के निर्माण की मांग की गई। इससे क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर मंच मिलेगा और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावना बढ़ेगी।
गौरव पथ और सड़क चौड़ीकरण..
पेंड्रा से गौरेला, अमरपुर एवं मरवाही मुख्य मार्गों में 500 लाख रुपए की लागत से गौरव पथ निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही बस स्टैंड से गढ़ी तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण की मांग भी की गई, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी। शिकारपुर से गिरवर (5 कि.मी.) तथा ग्राम पंचायत बंधी से बचरवार (3 कि.मी.) मार्ग निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।
पर्यटन एवं जनसुविधा से जुड़े प्रस्ताव..
नगर में चौपाटी निर्माण (50 लाख रुपए), तिपान नदी उद्गम स्थल का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, तथा तेंदुपारा से तिपान नदी पहुंच मार्ग पर पुल निर्माण की मांग की गई। साथ ही पेंड्रा में नवीन रेस्ट हाउस निर्माण, तीन स्वागत द्वारों की स्थापना एवं इंडियन फ्लैग स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया।
शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर फोकस..
पेंड्रा गर्ल्स स्कूल के लिए नवीन भवन निर्माण तथा कामकाजी महिलाओं हेतु हॉस्टल निर्माण की मांग की गई, ताकि छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण मिल सके।
पेयजल एवं परिवहन सुविधा..
नगर पालिका परिषद पेंड्रा के लिए चौरासी बांधा से 1000 लाख रुपए की लागत से नवीन जलावर्धन योजना की मांग की गई, जिससे पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो सके। इसके अलावा गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में सिटी बस संचालन की मांग रखी गई, जिससे आम नागरिकों को सस्ती और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सके।
अध्यक्ष राकेश जालान ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि नगरवासियों के हित को ध्यान में रखते हुए इन सभी प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से पेंड्रा नगर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।







