National

CM की बड़ी घोषणा : समर्थन मूल्य पर रबी की धान खरीदेगी प्रदेश सरकार

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के किसानों को सौगात दी है। आगामी वर्ष से समर्थन मूल्य पर रबी सीजन की धान समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। सितम्बर माह में बालाघाट में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमिपूजन किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की।

गुरुवार को मुख्यमंत्री चौहान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसभा का आयोजन किया गया था।

कांग्रेस पर साधा निशाना

समारोह को संबोधित करते हुए सीएम चौहान ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय प्रदेश की हालत सभी ने देखी है। सडक़ें खराब थी। सडक़ें गड्ढों में तब्दील हो गई थी। आवागमन में हिचकोले लगते थे। बिजली नहीं थी। किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता था। 15 माह वाली कांग्रेस की सरकार ने कर्जमाफी का वादा कर किसानों को कर्जदार बना दिया।

भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है, जो विरोधियों को रास नहीं आ रहा। इसलिए वे उनकी आलोचना करते हैं। लेकिन प्रदेश की जनता पीएम और भाजपा के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री किसानों को 6 हजार रुपए सम्मान निधि देते हैं। हमने भी पहले 4 हजार रुपए दिए। अब 2 हजार रुपए बढ़ाकर 6 हजार रुपए देंगे।

किसान को साल भर में 12 हजार रुपए मिलेंगे। हमने बालाघाट जिले की 3.25 लाख बहनों के खातों में 1000 रुपए डाले हैं। कांग्रेस ने तो बैगा, भारिया, सहरिया बहनों को मिलने वाली राशि भी बंद कर दी थी। बच्चों के लेपटॉप छीन लिए थे। संबल योजना बंद कर दी थी। कन्यादान योजना की राशि नहीं दी। सीएम ने कहा कि जनता के लिए हमारी सरकार के खजाने में पैसे की कमी नहीं है। हम लाडली बहनों को मिलने वाली राशि भी 3000 रुपए तक बढ़ाएंगे।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!