National

एक दिन पहले लापता पांच साल की बच्ची का शव झाड़ी में फेंका मिला, सदमे में परिजन

मुजफ्फरपुर : गन्नीपुर बेझा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब सोमवार दोपहर से लापता 5 साल की बच्ची चांदसी कुमारी का शव मंगलवार सुबह मिला। चांदसी के पिता मिंटू राय केरल में मजदूरी करते हैं, और वह अपनी मां के साथ रहती थी।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की मां विभा देवी और चाचा संजीत कुमार ने आरोप लगाया कि बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या की गई है और शव को छिपाने के लिए बांसबाड़ी में फेंक दिया गया है। मां ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोसियों से उनका विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने उन्हें ‘अंजाम भुगतने’ की धमकी दी थी। वह इसी को हत्या का कारण मान रही हैं।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही डीएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार सिंह और थानाध्यक्ष राजू कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए स्वान दस्ता और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से नमूने इकट्ठा किए, जबकि स्वान दस्ते ने आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। थानाध्यक्ष राजू कुमार पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतका का परिवार

चांदसी तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। सोमवार को लापता होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की थी और जब वह नहीं मिली तो उन्होंने सकरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों ने बांसबाड़ी में शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव पर मारपीट के निशान और होंठ पर कालापन देखकर परिजन इसे हत्या मान रहे हैं।

Related Articles

Back to top button