National

दुमका में फिर हैवानियत, शादी से इनकार पर लड़की को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, मौत

रांची : झारखंड के दुमका में एक बार फिर एकतरफा प्यार में जिंदा जलाकर मारने का मामला सामने आया है. दरअसल, जरमुंडी थाना इलाके भालकी पंचायत के भरतपुर गांव में मारुति कुमारी नाम की लड़की को उसके शादीशुदा प्रेमी राजेश राउत ने बीती रात पेट्रोल डालकर जला दिया था. युवती को गंभीर हालत में दुमका से रांची स्थित रिम्स में भर्ती किया गया था. जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. सिरफिरे प्रेमी ने मारुति पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी.

जानकारी के मुताबिक युवती 70 फीसदी तक झुलस गई थी. उसे इलाज के लिए पहले फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया. जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया है. लेकिन युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

घायल हालत में युवती ने अपने बयान में पुलिस को बताया था कि उसने आरोपी से शादी से इनकार कर दिया था. जिससे नाराज होकर सिरफिरे युवक ने पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया. इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था. लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

दरवाजा तोड़कर घुसा था आरोपी

जानकारी के मुताबिक आरोपी राजेश मारुति के घर में दरवाजा तोड़कर घुसा था. इसके बाद आरोपी ने मारुति पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी. राजेश रामगढ़ थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहने वाला है.

तीन साल पहले हुई थी दोस्ती

मारुति कुमारी और राजेश राउत की दोस्ती साल 2019 में हुई थी. लेकिन इसी साल फरवरी में राजेश राउत की कहीं और शादी हो गई. इसके बाद मारुति के घर वाले भी उसकी शादी के लिए लड़का तलाशने लगे. लेकिन राजेश राउत का मारुति से कहना था, ”मैं तुमसे भी शादी करूंगा और अगर तुम शादी नहीं करोगी तो तुम्हें दुमका में हुए पेट्रोल कांड की तरह जला कर मार डालूंगा.”

दुमका में अंकिता की भी ऐसे ही हुई थी हत्या

इससे पहले दुमका में बीते 23 अगस्त को एकतरफा प्रेम में 12 क्लास में पढ़ने वाली छात्रा को उसी के घर में जिंदा जलाकर मार डाला था. वो लड़की से एकतफा प्यार करता था और उस पर शादी के लिए बार-बार दबाव बनाता था. शाहरुख ने अंकिता पर देर रात सोते समय खिड़की से पेट्रोल डाल कर आग लगा दी थी, जिसमें वह 90 प्रतिशत जल गयी थी.

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!