एयरपोर्ट पर भारी बारिश के बीच रनवे से फिसला प्लेन, तीन लोग घायल

मुंबई। मुंबई में एक लियरजेट 45 विमान गुरुवार को भारी बारिश के बीच लैंडिंग के दौरान मुंबई हवाई अड्डे पर रनवे से फिसल गया। प्राइवेट विमान वीएसआर वेंचर्स का है। विमान 8 लोगों को लेकर विशाखापत्तनम से मुंबई के लिए उड़ान भर रहा था।
जानकारी के अनुसार वीएसआर वेंचर्स लियरजेट 45 विमान वीटी-डीबीएल विजाग से मुंबई के लिए उड़ान भर रहा था। मुंबई हवाई अड्डे पर रनवे 27 पर उतरते समय फिसल गया। विमान में 6 यात्री और 2 चालक दल के सदस्य थे। यह घटना भारी बारिश के साथ कम विजिबिलिटी के चलते हुई।
रनवे को अस्थायी रूप से बंद किया
बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण विमान रनवे से फिसल गया और उसके बाद डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, तीन लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के कारण उड़ानों का मार्ग परिवर्तित करने के कारण रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।