National

झालावाड़ स्कूल हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, अब तक 5 बच्चों की मौत

जयपुर। राजस्थान के झालावाड़ जिले के पीपलोदी गांव में एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से दिल दहला देने वाली दुर्घटना हुई है, जिसमें अब तक 5 बच्चों की मौत हो चुकी है और 20 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस दुखद हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “झालावाड़ के स्कूल में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता दी जा रही है।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि “ईश्वर दिवंगत बच्चों को शांति दें और परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि “यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। जनहानि की खबर दिल को झकझोर देने वाली है।”

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने घटना की गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि “इस हादसे में लापरवाही सामने आई है, जिसकी जांच ज़रूरी है।”

Related Articles

Back to top button