National

तंदूर की जली रोटियों से मचा बवाल, शादी कैंसिल; दुल्हा पहुंचा थाने

उत्तर प्रदेश। संभल में शादी समारोह में मामूली बात पर वर-वधु पक्ष के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। जिसमें कई लोग घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची दूल्हा उसका भाई और दुल्हन के भाई को हिरासत में लिया और थाने ले आई। बताया जा रहा है कि इस विवाद के बाद शादी टूट गई है।

जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद के दलपतपुर निवासी मदन ने अपनी बेटी की शादी संभल के रहने वाले युवक से की। दोनों परिवारों में यह तय हुआ कि लड़की पक्ष संभल आकर शादी करेगा। इसके लिए लकड़े पक्ष की तरफ से पूरी तैयारी की जाएगी और जो भी खर्चा होगा वह लड़की पक्ष की तरफ से दिया जाएगा। यह भी तय हुआ कि लड़की पक्ष 150 लोगों को लेकर आएंगे। इसके लिए एक मैरिज हॉल भी बुक किया गया।

मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे दुल्हन पक्ष के लोग मैरिज हॉल पहुंचे। लेकिन इस दौरान उन्हें खाना तैयार नहीं मिला तो हंगामा शुरू हो गया। दूल्हे पक्ष का कहना है कि शाम चार बजे बुलाया गया था और दुल्हन पक्ष के 150 लोग आना तय हुए थे लेकिन वह समय से पहले आए और 200 लोग साथ लेकर पहुंचे। दुल्हन पक्ष के लोगों ने नाश्ते की व्यवस्था के बारे में पूछा तो दूल्हे पक्ष की तरफ से कहा गया कि कुछ देर में नाश्ता तैयार हो जाएगा। नाश्ता कराए जाने के बाद लग्न समारोह की रस्म शुरू हुई तो दूल्हा पक्ष की तरफ से कुछ सामान को लेकर आपत्ति जताई गई। जिसे लेकर दोनों पक्ष के लोगों के बीच कुछ कहासुनी हुई लेकिन कुछ ही देर में मामला शांत हो गया।

रात साढ़े 8 बजे जब घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी, दुल्हन के चाचा को तंदूर से जली हुई रोटी खाने को मिली तो बवाल खड़ा हो गया। दुल्हन के चाचा ने खाना छोड़कर दुल्हे के भाई से पहले तंदूर से रोटी देरी से मिलने और वो भी जली हुई मिलने की शिकायत की तो दुल्हन के चाचा की भाषा को देखकर दूल्हे का भाई भड़क गया और मौके पर ही थप्पड़ जड़ दिया। चाचा की पिटाई के बाद दुल्हन का भाई भड़क गया और उसने दुल्हन के भाई से मारपीट कर डाली। देखते ही देखते चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और लोगो इधर-उधर दौड़ने लगे। दूल्हे को जैसे ही इस मारपीट की खबर लगी वह घोड़ी से उतरकर मौके पहुंचा तब भी मामला शांत नहीं हुआ। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे ने भी दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ बुरी तरह मारपीट की।

घटना की जानकारी मिलते ही हयातनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को किसी तरह से शांत कराया। पुलिस ने दुल्हन और दूल्हे के भाई को हिरासत में लिया। इस विवाद को सुलझाने के लिए थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक पंचायत चली लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। पुलिस ने आरोपी दूल्हा तरुण, दूल्हे का भाई विपिन और दुल्हन के भाई हर्ष के खिलाफ चालान किया और एसडीएम के सामने पेश किया।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!