Bhilai-DurgChhattisgarh

नदी में बच्चे को बचाते-बचाते लापता हुआ युवक, SDRF तलाश में जुटी

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हुआ। शिवनाथ नदी के पुल से खेलते-खेलते एक 12 वर्षीय बच्चा नीचे गिर गया। नदी का तेज बहाव देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। लेकिन उसी समय 28 वर्षीय योगेंद्र ठाकुर और उनका साथी बिना देर किए नदी में कूद पड़े।

बच्चे की जान बची, लेकिन युवक लापता

तेज धार के बीच दोनों युवकों ने बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की। योगेंद्र का साथी किसी तरह बच्चे को किनारे ले आया और उसकी जान बच गई। मगर इस बहादुरी के बीच शिवनाथ नदी में युवक लापता हो गया। योगेंद्र तेज बहाव में बह गए और अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।

SDRF टीम कर रही लगातार सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज धार ने रेस्क्यू को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया। SDRF जवान हबीब खान ने बताया कि टीम लगातार योगेंद्र की तलाश कर रही है और हर संभव प्रयास जारी है।

परिवार और गांव वालों की दुआएं

योगेंद्र की इस दिलेरी ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। गांव के सरपंच और स्थानीय लोग कह रहे हैं कि योगेंद्र ने बच्चे की जान बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। परिवारजन और ग्रामीण नदी किनारे जुटे हुए हैं और उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button