Chhattisgarh

भाजपा नेता पर आदिवासी विधवा से छेड़छाड़ का आरोप, पार्टी ने किया निष्कासन

धमतरी। जिले के बोराई थाना क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहर दास मानिकपुरी (45) पर एक आदिवासी विधवा महिला से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना 3 अक्टूबर की शाम हुई, जब आरोप है कि भाजपा नेता अपने साथी के साथ कार में सवार होकर महिला के घर पहुंचे और “पानी मांगने” का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया। जैसे ही महिला किचन में गई, आरोपी ने छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। महिला ने शोर मचाया, जिससे आरोपी मौके से भाग गया।

Related Articles

घटना के बाद आदिवासी समाज और स्थानीय राजनीतिक दलों में गहरा आक्रोश फैला। कांग्रेस विधायक अम्बिका मरकाम और पूर्व विधायक मोहन मरकाम ने पीड़िता से मुलाकात कर मामले की कड़ी निंदा की और पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

स्थानीय ग्रामीण और महिला संगठन भी सक्रिय हो गए। महिलाओं के सुरक्षा और राजनीतिक पद का दुरुपयोग रोकने की मांग उठाई गई। सर्व आदिवासी समाज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।

पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

भाजपा की कार्रवाई: घटना के प्रकाश में आने के बाद पार्टी ने तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए मनोहर दास मानिकपुरी को मंडल अध्यक्ष पद से निष्कासित कर दिया। पार्टी ने कहा कि आरोपी के दोषी पाए जाने पर कानूनी तौर पर भी उससे दूरी बनाई जाएगी।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!