Chhattisgarh

मरवाही पुलिस की कार्रवाई: सबमर्सिबल पंप चोरी के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, 92,500 का सामान जब्त..

गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले के चौकी सिवनी, थाना मरवाही क्षेत्र के ग्राम परासी में खेतों की सिंचाई के लिए लगाए गए सबमर्सिबल पंप चोरी के मामलों में मरवाही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन सबमर्सिबल पंप बरामद किए हैं। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 92,500 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

तीन किसानों के खेतों से पंप चोरी की शिकायत

पुलिस के अनुसार, ग्राम परासी निवासी संदीप केवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए सबमर्सिबल पंप को अज्ञात व्यक्ति ने बोरघर की एल्युमिनियम शीट तोड़कर चोरी कर लिया। चोरी गए पंप की कीमत 12,500 रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना मरवाही में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वहीं, कृष्ण कुमार केवट ने अपने खेत से टेक्समों कंपनी का 1 एचपी सबमर्सिबल पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिसकी कीमत 17,500 रुपये बताई गई। इसी तरह खेलन केवट के खेत से कोयल कंपनी का 1 एचपी सबमर्सिबल पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसकी कीमत 12,500 रुपये है। इन दोनों मामलों में भी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आए अन्य पंप चोरी के मामले

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश कुमार मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मरवाही श्री अजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना मरवाही और चौकी सिवनी की टीम ने जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार यादव उर्फ छोटू, उगेश कुमार केवट और आदित्य कुमार केवट को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर अन्य स्थानों से भी सबमर्सिबल पंप चोरी करने तथा चोरी के पंप विष्णु प्रसाद प्रजापति और सुंदर केवट को बेचने की जानकारी सामने आई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कोयल, सीआरआई और टेक्समों कंपनी के एक-एक सबमर्सिबल पंप बरामद किए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल हीरो पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 31C 7045 भी जब्त की गई। विवेचना में संलिप्तता पाए जाने पर कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) एवं 3(5) भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम दीपक कुमार यादव उर्फ छोटू (27 वर्ष), निवासी परासी। उगेश कुमार केवट (25 वर्ष), निवासी परासी। आदित्य कुमार केवट उर्फ बबलू (24 वर्ष), निवासी परासी। विष्णु प्रसाद प्रजापति (35 वर्ष), निवासी परासी।सुंदर केवट उर्फ दाऊ (32 वर्ष), निवासी परासी। सभी आरोपी चौकी सिवनी, थाना मरवाही क्षेत्र के ग्राम परासी के निवासी बताए गए हैं।

92,500 की सामग्री जब्त

पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में तीन सबमर्सिबल पंपों की कुल कीमत 42,500 रुपये तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की कीमत 50,000 रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 92,500 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।मरवाही पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Sumit Jalan Marwahi/Pendra

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!