Chhattisgarh

पूर्णिया में जेडीयू नेता के परिवार की रहस्यमय मौत, इलाके में सनसनी

पूर्णिया (बिहार): जिले के खजांची हाट थाना क्षेत्र के यूरोपियन कॉलोनी में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जेडीयू नेता निरंजन कुशवाहा के परिवार के तीन सदस्यों की रहस्यमय मौत हो गई। मृतकों में उनके बड़े भाई नवीन कुशवाहा, भाभी कंचन माला सिंह और भतीजी तनु प्रिया शामिल हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्णिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?
जेडीयू नेता निरंजन कुशवाहा ने बताया कि उनकी भतीजी तनु प्रिया सीढ़ियों से फिसलकर गिर गई थी। उसे बचाने के लिए बड़े भाई नवीन कुशवाहा दौड़े, लेकिन वे भी फिसल गए। दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख उनकी पत्नी कंचन माला सिंह गहरे सदमे में चली गईं और उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

पप्पू यादव ने जताई शंका
इस घटना पर कांग्रेस सांसद पप्पू यादव ने इसे संदिग्ध मामला बताया और विस्तृत जांच की मांग की। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह स्वाभाविक मौत है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही सच्चाई बताएगी।”

नवीन कुशवाहा पूर्णिया के जाने-माने व्यवसायी थे। वे 2009 में लोकसभा चुनाव और 2010 में विधानसभा चुनाव बसपा के टिकट पर लड़ चुके थे। उनकी बेटी तनु प्रिया एमबीबीएस की छात्रा थी।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!