कांकेर हिंसा के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद: रायगढ़ ऑटो संघ ने दिया पूर्ण समर्थन

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हुई हिंसा और कथित धर्म परिवर्तन की घटना के विरोध में सर्व समाज द्वारा आहूत छत्तीसगढ़ बंद को रायगढ़ जिला ऑटो चालक संघ ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। बंद के समर्थन में आज रायगढ़ जिले में ऑटो चालकों ने स्वेच्छा से अपने वाहन सड़कों पर नहीं उतारे और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया।
जिला ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष संजय बाजपेई ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए कहा कि समाज को झकझोर देने वाली ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांकेर में हुई घटना के विरोध में सर्व समाज द्वारा बुलाए गए छत्तीसगढ़ बंद के साथ ऑटो संघ पूरी मजबूती से खड़ा है।
संजय बाजपेई ने संघ से जुड़े सभी ऑटो चालकों से अपील की कि वे आज के दिन रायगढ़ बंद को सफल बनाने के लिए अपने वाहन न चलाएं और पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से बंद का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति या वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक सौहार्द के पक्ष में है।
ऑटो संघ के इस फैसले के बाद रायगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों में ऑटो सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि, संघ की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की जबरदस्ती, तोड़फोड़ या अव्यवस्था का समर्थन नहीं किया जाएगा।
ऑटो चालक संघ ने प्रशासन से भी मांग की है कि कांकेर की घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संघ का कहना है कि समाज में शांति, भाईचारा और कानून का राज कायम रहना सबसे जरूरी है।








