आईपीएल 2026 में CSK को बड़ा झटका: युवा स्टार आयुष म्हात्रे पूरे सीजन से बाहर

आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के उभरते हुए सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि 18 वर्षीय खिलाड़ी को पूरी तरह फिट होने में 6 से 12 हफ्ते का समय लग सकता है, जिसके चलते वह इस टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में हुई थी चोट, वहीं से बदली तस्वीर
आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। बल्लेबाजी के दौरान दूसरा रन लेने की कोशिश में उनकी बाईं जांघ की मांसपेशी में खिंचाव आ गया। इसके बाद वह कई बार मैदान पर दर्द से जूझते नजर आए और उन्हें प्राथमिक उपचार भी लेना पड़ा।स्थिति बिगड़ने पर फिजियो टॉमी सिम्सेक और सपोर्ट स्टाफ की मदद से उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। बाद में स्कैन रिपोर्ट में चोट की गंभीरता सामने आई, जिसके बाद उनके पूरे सीजन से बाहर होने की पुष्टि हो गई।
CSK के लिए बड़ा झटका, पहले से ही संघर्ष कर रही है टीम
Chennai Super Kings के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है। टीम पहले से ही इस सीजन में लय पाने के लिए जूझ रही है। शुरुआती तीन मुकाबलों में हार के बाद टीम ने दो मैच जीते, लेकिन फिर से हार का सामना करना पड़ा।हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम को 10 रन से हार झेलनी पड़ी थी, जिसने उनकी स्थिति और मुश्किल कर दी है।आयुष म्हात्रे इस सीजन में टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हो रहे थे। उन्होंने 6 मैचों में 201 रन बनाए, जिसमें दो शानदार अर्धशतक भी शामिल रहे। उनकी अनुपस्थिति से टॉप ऑर्डर पर बड़ा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
पहले से चोटों से जूझ रही है CSK, बढ़ी चिंता
चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। इससे पहले तेज गेंदबाज खलील अहमद भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। सीजन शुरू होने से पहले ही नाथन एलिस भी चोटिल होकर टीम से बाहर हो गए थे।इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेवीस भी शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं रहे, जबकि अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी भी अब तक चोट के कारण मैदान पर नहीं उतर पाए हैं।
टीम के सामने चुनौती: लय, संतुलन और विकल्प तलाशना
लगातार चोटों और खिलाड़ियों की अनुपलब्धता ने CSK की प्लानिंग को गहरा झटका दिया है। अब टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मौजूदा खिलाड़ियों के साथ संतुलन बनाते हुए जीत की राह कैसे वापस पकड़ी जाए।








