Chhattisgarh

कांकेर में बड़ा फर्जीवाड़ा, डाक विभाग के नाम पर नकली नियुक्ति आदेश से लाखों की ठगी का खुलासा

छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में भारतीय डाक विभाग के नाम पर जारी एक फर्जी नियुक्ति आदेश ने हड़कंप मचा दिया है। यह दस्तावेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर कई बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा दिया गया और उनसे लाखों रुपये की ठगी की गई।

डाक विभाग ने बताया पूरी तरह फर्जी, जांच के घेरे में आया मामला
बस्तर संभाग के डाक विभाग मुख्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि वायरल हो रहा यह नियुक्ति आदेश पूरी तरह फर्जी और धोखाधड़ी पर आधारित है।विभाग का कहना है कि इस तरह का कोई भी आदेश आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है और इसमें विभाग के नाम, मुहर और हस्ताक्षरों का गलत इस्तेमाल किया गया है।

पोस्टिंग और जॉइनिंग लेटर तक तैयार, असली दिखाने के लिए रची गई चाल
फर्जी दस्तावेज में भारत सरकार, डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट्स और बस्तर डिवीजन जगदलपुर का नाम इस्तेमाल कर नियुक्ति आदेश जैसा फॉर्मेट तैयार किया गया था।इसमें पोस्टिंग डिटेल, जॉइनिंग डेट और अधिकारी की मुहर तक लगाई गई थी ताकि यह पूरी तरह असली प्रतीत हो।लेकिन जांच में साफ हुआ कि यह पूरा दस्तावेज जालसाजों की साजिश का हिस्सा था।

6 युवाओं से करीब 10 लाख की ठगी, धमकी देकर चुप रहने का दबाव
पखांजूर क्षेत्र के लगभग 6 बेरोजगार युवक इस ठगी का शिकार बने हैं।इनसे नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये की वसूली की गई। इतना ही नहीं, पीड़ितों को धमकी भी दी गई कि अगर उन्होंने शिकायत की तो उनका पैसा वापस नहीं किया जाएगा।

डाक विभाग की अपील, किसी भी दस्तावेज की पहले करें जांच
डाक विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी नियुक्ति पत्र या नौकरी से जुड़े दस्तावेज की पुष्टि पहले आधिकारिक कार्यालय या वेबसाइट से जरूर करें।उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी एजेंट, दलाल या बिचौलिए के झांसे में आकर पैसे न दें।

बेरोजगारों के सपनों पर डाका, पुलिस जांच की उम्मीद
यह पूरा मामला न केवल ठगी का उदाहरण है, बल्कि बेरोजगार युवाओं के सपनों से खिलवाड़ भी है।फिलहाल मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है और पीड़ितों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!