CM बघेल छत्तीसगढ़ की जनता को करेंगे सम्बोधित, शाम 5 बजे देंगे महत्वपूर्ण सन्देश …

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज शाम 5 बजे छत्तीसगढ़ की जनता के नाम अपना सम्बोधन देंगे और महत्वपूर्ण घोषणा करेंगे। इस संबोधन का प्रसारण सभी क्षेत्रीय समाचार चैनलों एवं एफएम रेडियो पर होगा। हालांकि सीएम किस मुद्दे पर जनता को सम्बोधित करेंगे ये अब तक सामने नहीं आया है। बता दें, कल छत्तीसगढ़ के लिए बड़ा दिन है।
कल सोमवार 6 मार्च को विधानसभा बजट सत्र के छठवे दिन सीएम भूपेश बघेल बजट पेश करेंगे। जनता को बड़ी उम्मीद है कि इस पिटारे में उनके लिए बहुत कुछ खास निकलने वाला है। आज रविवार को सीएम भूपेश गहोई वैश्य समाज के नवनिर्मित गहोई भवन लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि –
मैं आप सबको नवनिर्मित भवन के लोकार्पण की बधाई देता हूँ। सामाजिक भवनों, धर्मशालाओं में समाज के उत्थान और विकास की चर्चाएं होती हैं, दूसरे समाज को भी अवसर मिलता है। आपने जो भवन बनाया है, वो सेवाभाव से निर्मित किया है। आपने ऐसे समय में भवन बनाया है जिसकी आज बेहद जरूरत है।
इस भवन का निर्माण एम्स के बगल में हुआ है, मरीजों और परिजनों के रुकने के लिए यह भवन बनाया गया है, बेहद पुनीत कार्य है यह। अस्पताल के मरीजों के लिए आप कमरे उपलब्ध कराएंगे, इस कार्य को कभी नहीं भुलाया जा सकता।








