ChhattisgarhRaipur

राहुल गांधी को सजा सुनाए जाने पर रायपुर में कांग्रेसियों ने जताया विरोध, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – सत्य परेशान हो सकता है मगर…

रायपुर। मोदी सरनेम पर विवादित बयान देने की वजह से गुरुवार को अदालत ने राहुल गांधी को सजा सुनाई। जिसके बाद रायपुर में कांग्रेसी भड़क गए और कलेक्टोरेट के पास अंबेडकर चौक पर आकर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने धरना दे दिया। युवा कांग्रेस के नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने पुराने कांग्रेस भवन के बाहर मौन विरोध किया।

कांग्रेस के प्रदेश के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है मगर पराजित नहीं। हम सत्य और राहुल गांधी के साथ खड़े हैं। साल 2019 की चुनावी सभा में राहुल गांधी ने कहा था कि नीरव मोदी, ललित मोदी ये मोदी सरनेम वाले देश का 15 हजार करोड़ क्यों लेकर भाग रहे हैं, किसके माध्यम से इन्हें से बचाया जा रहा है, गलत कहां बोला। मगर हम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, हम लड़ेंगे और जीतेंगे।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में गांधी मैदान महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास पहुंचे और मौन विरोध जताया। इनके हाथों में भगत सिंह के साथ राहुल गांधी को दिखाती तस्वीरें थीं, सावरकर के साथ भी राहुल गांधी को दिखाया गया।

क्या है मानहानि का ये मामला

‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है…’ इस बयान से जुड़े मानहानि केस में राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने गुरुवार को दोषी करार दिया। इस फैसले के 27 मिनट बाद कोर्ट ने उन्हें 2 साल की जेल की सजा सुनाई और 15 हजार का जुर्माना भी लगाया। इसके कुछ देर बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत भी दे दी। साथ ही सजा को 30 दिन के लिए स्थगित कर दिया। सुनवाई के दौरान राहुल कोर्ट में मौजूद रहे।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!