ChhattisgarhPoliticalRaipur

धरमजीत सिंह : विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में आना मेरा सौभाग्य, कांग्रेस की अन्यायी सरकार को उखाड़ फेकेंगे

रायपुर। लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह रविवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने धर्मजीत सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाई। आज राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ विधायक धर्मजीत सिंह, रिटायर्ड आईएफएस एसएसडी बड़गैय्या, नगर पंचायत लोरमी के सभापति धर्मेंद्रगिरी गोस्वामी, नपं में विधायक प्रतिनिधि अविश यादव, भूपेन्द्र सिंह ठाकुर ने भाजपा की सदस्यता ली।

इस दौरान भाजपा प्रदेश चुनाव सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, प्रदेश संगठन सह प्रभारी नितिन नवीन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद रामविचार नेताम, विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने भाजपा का दुपट्टा पहनाकर भाजपा में प्रवेश करने वाले सदस्यों का स्वागत किया।

सबका विश्वास भाजपा पर : अरुण साव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इस दौरान कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ओर चहुंओर विकास के द्वार खुल रहे हैं, दूसरी ओर विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ रहा है। इसीलिए आज भाजपा के प्रति जन-विश्वास बढ़ा है और समाज के सभी वर्गों के सम्मानित जन लगातार भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं ताकि देश आगे बढ़े, देश का मान-सम्मान बढ़े और गाँव, गरीब और किसान तरक्की करें। साव ने कहा कि विधायक सिंह के भाजपा प्रवेश से भाजपा को और ताकत मिलेगी। यह निश्चित रूप से भाजपा की बढ़ती हुई ताकत, बढ़ते हुए कदम का परिचायक है और हमें नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की अन्यायी, अत्याचारी, भ्रष्टचारी और वादाखिलाफी करने वाली सरकार को उखाड़ फेंकने में यकीनन मदद मिलेगी।

धरमजीत सिंह के भाजपा में आने से हमारी शक्ति और बढ़ी : डॉ. रमन

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस दौरान विधायक सिंह सहित सभी नव भाजपा सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश और देश का वातावरण भाजपा के अनुकूल है। पीएम मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के आगामी विधानसभा चुनाव और उसके बाद होने वाले लोकसभा चुनाव में विजय के एक बड़े लक्ष्य की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए जनता तैयार बैठी है। ऐसे समय में भाजपा में प्रवेश का आज का यह कार्यक्रम इस बात का संकेत है कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में जबर्दस्त वातावरण बन गया है। विधायक सिंह की राजनीतिक व प्रशासनिक कार्य कुशलता की चर्चा करते हुए पूर्व सीएम डॉ. सिंह ने कहा कि वह सही समय पर सही दल में आए हैं। धरमजीत सिंह के भाजपा में आने से हमारी शक्ति और बढ़ गई है।

इस बार प्रदेश में बनेगी भाजपा की सरकार : धर्मजीत सिंह

वहीं, भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि, ‘विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा में शामिल होना मेरे लिए बेहद गौरव का पल है। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं ने न केवल छत्तीसगढ़, अपितु समूचे देश में क्रांतिकारी परिवर्तन की मिसाल पेश की है। अपनी नीति और सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पिछले 9 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के दृष्टिकोण से भारतीय राजनीति का स्वर्णकाल रहा है। पीएम मोदी देश के 85 करोड़ गरीब परिवारों को निशुल्क अनाज देने का काम कर रहे हैं, विश्वभर में भारतवर्ष का परचम लहरा रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत ने विश्व-मंच पर अपनी धाक जमाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके उसको उसकी हैसियत बताई, देश में आतंकवाद को खत्म करने का काम किया, धारा 370 खत्म करके जम्मू-कश्मीर को शांति का टापू बनाया, ऐसे प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व में भाजपा के विजय-रथ की यात्रा को भारत में कोई भी नहीं रोक सकता। कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा-भानुमती का कुनबा जोड़कर चाहे जितनी कोशिश कर ली जाए, लेकिन पीएम मोदी को देश की सेवा करने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्हीं के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में भी भाजपा का झण्डा फहराएगा और आगामी नवंबर के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की प्रदेश सरकार बनेगी। कांग्रेस की अन्यायी सरकार को छत्तीसगढ़ से उखाड़ फेकेंगे।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!