ChhattisgarhRaipur

छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ़्तार: रायपुर-दुर्ग समेत कई जिलों में जमकर होगी बारिश,मिलेगी गर्मी से राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। 21 दिन के लंबे अंतराल के बाद बस्तर से आगे बढ़ते हुए अब यह दुर्ग तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। इससे जहां किसानों में उत्साह है, वहीं आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है।

सोमवार की शाम से ही राजधानी रायपुर में मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को रायपुर समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार हैं। इसके चलते दिनभर बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। राजधानी में तापमान 26°C से 34°C के बीच रह सकता है।

इन जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर और दुर्ग जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं, वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग में जहां अधिकतम तापमान 36.2°C रहा, वहीं राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.0°C रिकॉर्ड किया गया, जो मानसूनी प्रभाव को दर्शाता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, विदर्भ, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में भी सक्रिय हो चुका है। मानसून की उत्तरी सीमा अब दुर्ग, अमरावती, बड़ोदरा और बालूरघाट तक पहुंच गई है। विभाग ने मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियों को पूरी तरह अनुकूल बताया है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!