National

एयर इंडिया की फ्लाइट में फिर हादसा: दिल्ली लैंडिंग के बाद लगी आग…सभी यात्री व क्रू सुरक्षित

दिल्ली। एयर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी खराबियों और सुरक्षा घटनाओं का सिलसिला एक बार फिर चर्चा में है। मंगलवार दोपहर, हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI-315 में एक हादसा हुआ, जब लैंडिंग के बाद ऑक्जिलियरी पावर यूनिट (APU) में आग लग गई।

एयर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब विमान गेट पर पार्क हो चुका था और यात्री उतरना शुरू कर चुके थे। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। सुरक्षा प्रणाली के चलते APU ने स्वत: काम करना बंद कर दिया, जिससे आग फैलने से बच गई।

हाल के दिनों में एयर इंडिया की उड़ानों में कई तकनीकी खामियों और दुर्घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। सोमवार को ही कोच्चि से मुंबई आ रही फ्लाइट रनवे से आगे निकल गई थी, जिसे बाद में जांच के लिए रोक दिया गया।

एक बड़ा हादसा 12 जून को हुआ था, जब अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा AI बोइंग 787-8 विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद एक इमारत से टकरा गया। इस भीषण दुर्घटना में 260 लोगों की मौत हो गई थी। टाटा ग्रुप ने इसके बाद पीड़ितों की मदद के लिए ‘AI-171 मेमोरियल एंड वेलफेयर ट्रस्ट’ की स्थापना की है।

Related Articles

Back to top button