ChhattisgarhRaipur

धर्मांतरण रोकने विधायक पुरंदर मिश्रा का जन जागरण अभियान शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती धर्मांतरण की घटनाओं के बीच रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने आज से जन जागरण अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान का उद्देश्य समाज में धर्मांतरण के खिलाफ जागरूकता फैलाना है।

विधायक मिश्रा ने धर्मांतरण रोकने के लिए ‘जगन्नाथ सेना’ नामक संगठन का भी गठन किया है। वे हर दिन शहर के अलग-अलग मोहल्लों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उन्हें धर्मांतरण के संभावित खतरों से अवगत कराएंगे।

शनिवार को अभियान की शुरुआत करते हुए मिश्रा ने लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को मजबूत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को धर्म बदलने के लिए मजबूर नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतें भारत की एकता को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं और धर्मांतरण इसी साजिश का हिस्सा है।

भाजपा विधायक ने कहा, “जो लोग धर्मांतरण कराते हैं, उनका खुलकर विरोध किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो सख्त प्रतिक्रिया भी दी जाएगी।” उन्होंने कहा कि धर्मांतरण रोकने के लिए आम लोगों की भागीदारी जरूरी है और इस अभियान के जरिए समाज को एकजुट किया जाएगा।

इस जन जागरण अभियान के जरिए मिश्रा ना सिर्फ लोगों को धर्मांतरण से दूर रहने की अपील कर रहे हैं, बल्कि इसके खिलाफ एक मजबूत जन आंदोलन की भी शुरुआत कर चुके हैं।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!