Chhattisgarh

BJP नेता की हत्या मामले में पत्नी सहित परिवार के 5 सदस्य गिरफ्तार

मुंगेली। जिले में भाजपा नेता शत्रुघ्न साहू की हत्या के मामले में पत्नी, बेटी, 2 बेटे और बहू समेत 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी मिली है कि पकड़े गए सभी संदिग्धों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पारिवारिक विवाद में घटना को अंजाम दिया जाना बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले में जल्द ही बड़ा खुलासा करने वाली है, तभी पता चल सकेगा कि आखिर हत्या की मुख्य वजह क्या थी?


ज्ञात हो कि सोमवार की सुबह चिल्फी थाना क्षेत्र के गोल्हापारा गांव में भाजपा नेता और गोंड़खाम्ही मंडल के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री शत्रुघ्न साहू की खून से लथपथ लाश सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ी मिली थी। मृतक रविवार शाम को घर से घूमने जाने की बात कहकर निकला था,

जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा था। दूसरे दिन भाजपा नेता की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुट गई थी। भाजपा नेता शत्रुघ्न साहू आपराधिक प्रवृत्ति का था। उसके खिलाफ चिल्फी थाने में लगभग आधा दर्जन मामले दर्ज हैं, जिसके चलते पुलिस सभी पहलुओं पर अपनी जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के दिन यानि 16 अप्रैल को मृतक का अपनी पत्नी और

बेटी-बेटों के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस को परिवार पर शक था। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके बच्चों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि पूरी घटना को देर रात घर में अंजाम देने के बाद मृतक की लाश को घर से 3 किमी दूर गोल्हापारा में ले जाकर सड़क के किनारे फेंक दिया था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!