Chhattisgarh

5 निजी कंपनियां करेंगी भर्ती: गौरेला में 21 अगस्त को रोजगार मेला, 280 पदों पर युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर..

गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही द्वारा एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 21 अगस्त 2026 को शासकीय आईटीआई परिसर गौरेला में आयोजित होगा। मेले का समय प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। रोजगार मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के शिक्षित एवं तकनीकी योग्यता प्राप्त युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रोजगार मेले में 5 निजी नियोजक (कंपनियां) भाग लेंगी, जिनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के कुल 280 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती के लिए जिन पदों की आवश्यकता है उनमें स्टोर इंचार्ज, सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर, टेली कॉलर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, पेंटर, प्लंबर, वेल्डर, राजमिस्त्री, हेल्पर, स्मार्ट मीटर टेक्नीशियन, फील्ड ऑफिसर, एग्रीकल्चर ऑफिसर, रिलेशनशिप मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर सहित अन्य पद शामिल हैं।

रोजगार कार्यालय ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले में शामिल होने से पूर्व छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रिक्त पदों, वेतनमान, कार्यक्षेत्र एवं आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पात्र अभ्यर्थी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन कार्ड (यदि उपलब्ध हो), समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अंकसूची, तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र तथा उनकी फोटोकॉपी साथ लेकर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। मेले में चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा तथा योग्य अभ्यर्थियों का चयन नियोजकों द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार किया जाएगा।

इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुरूप पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। रोजगार कार्यालय का मानना है कि यह आयोजन जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने तथा बेरोजगारी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही रोजगार संबंधी किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी श्री तीरथराम मरकाम (मो. 9754094200), श्री निर्मल कांछी (मो. 9926354144) एवं श्री सूरज शर्मा (मो. 8962989216) से संपर्क कर सकते हैं।

Sumit Jalan Marwahi/Pendra

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!