अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, 107 बोरी धान सहित वाहन जप्त..
गौरेला-पेंड्रा- मरवाही:- जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी जोरों पर है। इसी बीच प्रशासन ने अवैध रूप से धान के परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में पेंड्रा विकासखण्ड के ग्राम बंधी में बड़ी कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार दक्ष राइस मिल गोदाम के पास जांच के दौरान सौरभ पोद्दार के ड्राइवर सुधीर कुमार को बिना किसी वैध दस्तावेज के वाहन क्रमांक CG 16 CM 0953 से धान परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 107 बोरी धान लोड पाई गई। जब वाहन चालक से दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया तो वह किसी भी प्रकार का प्रमाण पत्र या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान और वाहन दोनों को रक्षित आरक्षी केंद्र अमरपुर, पेंड्रा के सुपुर्दगी में कर दिया।
जिले में धान खरीदी आगामी 15 नवम्बर से प्रारंभ की जानी है, जिसके पूर्व कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जो भी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज के धान का परिवहन या भंडारण करते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और किसानों में हड़कंप मचा हुआ है।









