UPSC में रायगढ़ के अजय गुप्ता का कमाल, 452वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन

रायगढ़। जिले के ग्राम संबलपुरी के प्रतिभाशाली युवा अजय गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 452वीं रैंक हासिल कर रायगढ़ जिले का नाम देश और प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
अजय गुप्ता की सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) उत्तम प्रताप सिंह उनके गांव संबलपुरी पहुंचे। अधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान अधिकारियों ने अजय की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है।
वहीं अजय गुप्ता ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता जरूर मिलती है।
अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में नया उत्साह और प्रेरणा देखने को मिल रही है। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे और सभी ने उनकी सफलता पर खुशी जाहिर की।









