Chhattisgarh

जीपीएम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 38 तोला सोना समेत लाखों का माल बरामद..

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:- जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जीपीएम पुलिस ने एक संगठित अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 38 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, एक स्कॉर्पियो वाहन, दो मोटरसाइकिल, कई महंगे मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

Related Articles

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग के निर्देशन, प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी पेंड्रा श्याम कुमार सिदार एवं एसडीओपी मरवाही राजेश देवांगन के नेतृत्व में जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों, चोरी और नकबजनी के मामलों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान थाना मरवाही, थाना पेंड्रा, चौकी कोटमी और चौकी सिवनी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से हो रही चोरी की घटनाओं की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट, मुखबिरों की सूचना और संदिग्धों की लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने एक सक्रिय चोरी गिरोह का खुलासा किया।

लाखों के आभूषण और वाहन बरामद..

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 38 तोला सोना एवं स्वर्ण आभूषण, 1.5 किलो चांदी, चोरी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा स्कॉर्पियो (CG22 AC 2327), चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एप्पल कंपनी के कई मोबाइल फोन तथा कटर मशीन, जैक रॉड, हथौड़ी, छैनी सहित अन्य औजार जब्त किए हैं।

जीपीएम और मध्यप्रदेश की कई चोरियों का खुलासा..

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जीपीएम जिले के पेंड्रा, मरवाही, कोटमी और सिवनी क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले में हुई कई चोरी और नकबजनी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने कुल सात मामलों का खुलासा किया है, जिनमें सकोला, सेखवा, दानीकुंडी, अडभार, निमधा और मध्यप्रदेश के खूंटाटोला क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाएं शामिल है।

गिरफ्तार आरोपी..

पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें परमेश्वर गोस्वामी उर्फ रवि, सूरज गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, प्रणय पाण्डेय, विशाल जादव उर्फ विशू तथा शरद काटकर शामिल हैं। सभी आरोपी पेंड्रा और गौरेला क्षेत्र के निवासी हैं।

साइबर इनपुट और तकनीकी जांच बनी सफलता की कुंजी..

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में थाना मरवाही, थाना पेंड्रा, चौकी सिवनी, चौकी कोटमी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंचकर पुलिस ने जिले में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी चोरी की वारदातों में से एक का खुलासा किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Sumit Jalan Marwahi/Pendra

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!