National

महिला पुलिसकर्मियों को बड़ी सौगात…आज 250 दोपहिया वाहनों की चाबी सौंपेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार सुबह मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में प्रदेश के विभिन्न थानों में संचालित की जा रही 950 ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क को सशक्त बनाने के लिये दोपहिया वाहनों की चाबियाँ सौंपेंगे। इसके बाद स्टेडियम के मुख्य द्वार से ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क को आवंटित 250 दोपहिया वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।

वाहन रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस स्टेडियम आयेगी। मुख्यमंत्री चौहान सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत बालकों एवं पुरुषों को महिला संबंधी अपराधों एवं लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करने के लिये चलाये जा रहे विशेष जागरूकता अभियान “मैं हूँ अभिमन्यु” पर तैयार पोस्टर पुस्तिका का विमोचन भी करेंगे।

आज 250 दोपहिया वाहनों की चाबी सौंपेंगे मुख्यमंत्री

ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क की 250 वाहनों की रैली मोतीलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर विजय द्वार, कंट्रोल रूम चौराहा, राजभवन तिराहा से रोशनपुरा, टीटी नगर, प्लेटिनम प्लाजा, अटल पथ, जवाहर चौक, रंगमहल चौराहा, रोशनपुरा चौराहा, राजभवन तिराहा, पुलिस कंट्रोल रूम से होती हुई पुलिस पेट्रोल पंप के सामने स्थित विजय द्वार लाल परेड ग्राउंड के गेट से प्रवेश कर मोतीलाल नेहरू स्टेडियम समाप्त होगी। है।

अभियान का दूसरा चरण 1 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा

महिला सुरक्षा शाखा द्वारा चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान “मैं हूँ अभिमन्यु” की थीम “आओ लड़कों को सिखाएँ” हैं। इसके द्वारा बालकों/पुरुषों को लैंगिक समानता एवं संस्कारों का ज्ञान देने के साथ ही महिलाओं के प्रति संवेदनशील बनाने की पहल की गई है।

अभियान का दूसरा चरण 1 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में चलेगा। द्वितीय चरण में स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ, प्रश्नावली, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म प्रदर्शन, मैराथन दौड़ जैसे कार्यक्रम किये जायेंगे। जून माह में प्रारंभ किये गये इस अभियान के पहले चरण में प्रदेश में 300 से अधिक कार्यक्रम किए गए, जिसमें एक लाख से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!