ChhattisgarhRaipur

कांग्रेस को टक्कर देने भाजपा ने ईजाद की नई तकनीक : क्यूआर कोड स्केन करते ही भ्रष्टाचार की फेहरिस्त होगी जारी

रायपुर। केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस को टक्कर देने के लिए भाजपा द्वारा तैयार की गई नई तकनीक को लांच किया है। जिसमें क्यूआर कोड स्केन करते ही कांग्रेस सरकार के तथाकथित भ्रष्टाचार का खुलासा वीडियो के माध्यम से होगा।

Related Articles

मंत्री अनुराग ठाकुर ने कथित काले कारनामों को दर्शाने वाले QR कोड को लांच करते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार करने की कांग्रेस सरकार ने छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि जब से भूपेश सरकार बनी है तब से भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके ईजाद कर रही है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ बना है तब से पहली बार ऐसी सरकार आई है जो नए-नए तरीके निकाल कर भ्रष्टाचार के नए-नए आयाम तैयार करती है। दो नंबर की शराब कैसे बेची जाती है, कोयला परिवहन में कमीशन कैसे खाया जाता है, हर मामले में भ्रष्टाचार के नए प्रयोग यहां हो गए। उन्होंने कहा कि मेरा यहां के मुख्यमंत्री से सवाल है कि छत्तीसगढ़ में जो 36 प्रमुख वादे किए थे, वह पूरे क्यों नहीं हुए।

वादे पूरे करना तो दूर, बदले में माफिया राज स्थापित कर दिया। छत्तीसगढ़ में लैंड माफिया, सैंड माफिया, शराब माफिया, ड्रग माफिया, माफिया पर माफिया। अब माफिया राज से छत्तीसगढ़ माफी चाहता है। मैंने यहां के युवाओं में जो आक्रोश देखा है, वह गवाही दे रहा है कि युवा अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। युवा प्रतीक्षा कर रहे थे कि उनका भी समय आएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया संवाद सह लांच कार्यक्रम में कहा कि भूपेश बघेल सरकार के कथित भ्रष्टाचार को दिखाने इस QR कोड को भाजपा ने लांच किया। 5 साल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का कीर्तिमान बनाया है। कांग्रेस के घोटालों की सूची बहुत लंबी है।

पीएससी में 18 पदों पर हुई नियुक्ति पर उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है। प्रदेश के युवाओं को महादेव एप के जरिये जुआ-सट्टा में झोंका जा रहा हैं। पहले कांग्रेसी नारा लगाते थे छत्तीसगढ़ की चार चिन्हारी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी, पर अब यह बदल गया हैं, उसकी जगह अब चोरी, बेईमानी, भ्रष्टाचारी और लबारी का नारा लगने लगा है।

इस दौरान कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, पूर्व मंत्री महेश गागडा, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल उपस्थित थे।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!