National

प्यार का खूनी अंजाम: यूपी के प्रेमी ने बिहार की युवती को पंजाब में मारा

GOPALGANJ: प्यार में धोखा और फिर हत्या… इस दुखद घटना ने बिहार के गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के नयागांव को शोक में डुबो दिया है। यहां की 22 वर्षीय मुस्कान कुमारी की पंजाब में निर्मम हत्या कर दी गई है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के एक युवक ने पहले उसे प्यार के जाल में फंसाया, फिर अपने साथ भगाकर पंजाब ले गया और वहां उसकी जान ले ली।

प्रेम कहानी का दुखद अंत

नयागांव की मुस्कान कुमारी और उत्तर प्रदेश के खामपार थाना क्षेत्र के अमित गोंड के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब दोनों के रिश्ते की खबर घर वालों को लगी, तो शादी की बात चली, लेकिन अमित के परिवार ने इस रिश्ते को मंजूर नहीं किया।

इसके बावजूद, अमित ने 6 जून को मुस्कान को अपने साथ भगा लिया। हालांकि, कुछ दिनों बाद ससुराल वालों ने मुस्कान के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह वापस अपने मायके आ गई। कुछ समय बाद अमित भी मुस्कान के घर आकर रहने लगा।

पंजाब में मौत का खेल
करीब 15 दिन पहले अमित और मुस्कान दोनों पंजाब चले गए थे। शनिवार को लुधियाना पुलिस ने मुस्कान के परिवार को उसकी हत्या की खबर दी। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मुस्कान की मां शांति देवी और अन्य परिजन शव को लाने के लिए पंजाब रवाना हो गए हैं।

पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या शादी के दबाव या किसी अन्य कारण से यह हत्या की गई।

यह घटना उन युवाओं के लिए एक सबक है जो प्यार में पड़कर बिना सोचे-समझे बड़े कदम उठा लेते हैं। गांव में गम का माहौल है और सभी लोग आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस आरोपी अमित गोंड की तलाश में जुट गई है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!