सीएम भूपेश बघेल कुछ देर में पहुंचेगे बिलासपुर, ट्रैफिक पुलिस ने तैयार किया रुट चार्ट

बिलासपुर : CM शहर में तकरीबन दो घंटे बिताएंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार दोपहर केरल से सीधे बिलासपुर आएंगे। उनका चाटर्ड प्लेन चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट में लैंड करेगा। लेकिन, इस दौरान कांग्रेस नेताओं से उनकी मुलाकात नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने भी उनके कार्यक्रम को रिजर्व बताया है। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को उनके सक्ती में रोड शो के लिए रुट चार्ट भी तैयार किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि CM रात्रि विश्राम भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने कन्याकुमारी गए हुए हैं।
गुरुवार को मुख्यमंत्री बघेल दोपहर 1.45 बजे तिरुवनंतपूरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बिलासपुर के लिए उड़ान भरेंगे। उनका चार्टड प्लेन शाम 4.30 चकरभाठा स्थित एयरपोर्ट में लैंड करेगा। मुख्यमंत्री अपने रिजर्व कार्यक्रम में जाएंगे, जहां 4.40 बजे से 6.40 बजे तक रहेंगे। जारी प्रोटोकॉल के अनुसार 6.45 बजे वे कार से रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
क्या है CM रिजर्व कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अमूमन हर महीने निजी प्रवास पर बिलासपुर आते हैं। इसी कड़ी में उनका एक बार फिर आना हो रहा है। एयरपोर्ट से वे सीधे अपने परिचित केके श्रीवास्तव के उसलापुर स्थित निवास जाएंगे, जहां धार्मिक अनुष्ठान और पूजा अर्चना करेंगे। उनके इस निजी प्रवास के दौरान प्रशासनिक अफसरों भी दूर रहेंगे। CM बघेल के आने की सूचना के बाद जिला और पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
जिला प्रशासन ने की है तैयारी
CM बघेल के शहर आने के बाद जिला और पुलिस प्रशासन ने उनके रात्रि विश्राम की भी तैयारी की है। हालांकि, प्रोटोकॉल में उनके वापस रायपुर जाने का कार्यक्रम है। लेकिन, फिर भी अफसरों ने उनके ठहरने का इंतजाम किया है। दरअसल, मुख्यमंत्री शुक्रवार को दो नए जिलों का शुभारंभ करने वाले हैं। इसमें जांजगीर-चांपा से अलग हो रहे सक्ती जिला भी शामिल है। सक्ती में उनका रोड शो भी होगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट चार्ट बनाया है और वाहनों को शुक्रवार को डायवर्ट करने के आदेश दिए हैं।
अकलतरा से सक्ती तक बंद रहेगा नेशनल हाइवे
ट्रैफिक DSP संजय साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सक्ती में नए जिले के शुभारंभ और रोड शो के लिए रूट चार्ट बनाया गया है।
शुक्रवार सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक अकलतरा से सक्ती तक नेशनल हाइवे में भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है।
इसी तरह बिलासपुर से रायगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहन मस्तूरी से पामगढ- शिवरीनारायण- बिर्रा- हसौद -डभरा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
रायगढ से बिलासपुर की ओर आने वाले भारी वाहनों को चंद्रपुर-डभरा शिवरीनारायण–पामगढ- मुलमुला-मस्तूरी या खरसिया फगुरम से डभरा मार्ग में डायवर्ट किया जाएगा।
बिलासपुर एवं रायगढ की ओर जाने वाले छोटे वाहन चांपा-सिवनी-नगरदा- कंचनपुर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
CM के कार्यक्रम तक पहुंचने के लिए ये रहेगा रूट चार्ट
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जेठा में होगा। लिहाजा, जांजगीर, चांपा, बाराद्वार, जैजैपुर की ओर से कार्यक्रम स्थल जाने वाले लोग सकरेली फाटक होते हुए जेठा पहुचेंगे एवं जेठा तालाब के पास बने ग्राउंड में पार्किंग करेंगे। जबकि, नगरदा, खरसिया रायगढ़ की ओर से कार्यक्रम स्थल जेठा जाने वाले लोग कंचनपुर होते हुए जेठा पहुचेंगे एवं ओएसडी निवास के पीछे बनाए गए ग्राउंड में पार्किग करेंगे।
डभरा, मालखरौदा, अड़भार, फगुरम की ओर से कार्यक्रम स्थल जेठा जाने वाले लोग झूलकदम चौक से राजमहल-नंदेली होते हुए एनएच से जेठा पहुचेंगे एवं ओएसडी निवास के पीछे बनाए गए ग्राउण्ड में पार्किग करेंगे। जगीर चांपा, बाराद्वार, जैजैपुर की ओर से कार्यक्रम स्थल जेठा जाने वाले VIP और मीडिया के लोग जेठा कलेक्ट्रेट के सामने बनाए गए VIP पार्किंग और सक्ती की ओर से कार्यक्रम स्थल जेठा आने VIP और मीडिया के लोग टोल प्लाजा के बगल में VIP पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे।









