Chhattisgarh

बिहार चुनाव के लिए रवाना होंगे सीएम विष्णुदेव साय, बांकीपुर और तारापुर में करेंगे नामांकन रैलियों में शिरकत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बिहार के चुनावी दौरे पर रवाना होंगे। वे वहां भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। मुख्यमंत्री साय आज बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार की नामांकन रैली में शामिल होंगे। इसके बाद वे तारापुर पहुंचेंगे, जहां बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी की नामांकन रैली में शिरकत करेंगे।

सीएम साय का यह दौरा भाजपा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल अब चरम पर है। पार्टी संगठन लगातार जनसंपर्क और प्रचार अभियानों को गति दे रहा है। सीएम विष्णुदेव साय का बिहार में सक्रिय होना भाजपा के चुनावी रणनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री साय पटना स्थित दो प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने भी जाएंगे। उनका कार्यक्रम सुबह 8:30 बजे रायपुर विमानतल से रवाना होने और शाम 7:00 बजे तक रायपुर लौटने का निर्धारित है।

इधर, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने बुधवार देर रात अपनी तीसरी सूची भी जारी कर दी है, जिसमें 18 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। पार्टी ने राघोपुर से सतीश यादव, बगहा से राम सिंह, और नौतन से नारायण प्रसाद को टिकट दिया है। अब तक भाजपा कुल 101 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!