स्लम स्वास्थ्य योजना में लाखों की गड़बड़ी! पूर्व CMO नरेश वर्मा पर FIR के आदेश, विभाग ने कसा शिकंजा

खैरागढ़। कबीरधाम नगर पालिका में पदस्थ रहे तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा पर शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) ने जून 2025 में की गई जांच के दौरान पाया कि मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत दवा खरीद, वितरण और भुगतान प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं। इन गड़बड़ियों के कारण शासन को लगभग 20 लाख 80 हजार 380 रुपए का वित्तीय नुकसान हुआ।
इस मामले में पहले नरेश वर्मा को निलंबित कर संयुक्त संचालक (जेडी) कार्यालय दुर्ग में अटैच किया गया था। साथ ही शासन द्वारा उनके वेतन से उक्त राशि की वसूली के लिए भी पत्र जारी किया गया था।
इसके बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा की गई जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ। रिपोर्ट में सामने आया कि एमएमयू संचालन एजेंसी पर तय पेनाल्टी नहीं लगाए जाने से शासन को करीब 25 लाख 91 हजार 500 रुपए का अतिरिक्त नुकसान हुआ।
जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में अधिक भुगतान के लिए तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की थी।
विभाग ने समिति की अनुशंसा को सही मानते हुए पहले उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया और 24 फरवरी को कवर्धा नगर पालिका के सीएमओ को निर्देश जारी कर उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने को कहा है।









