National

हिमानी नरवाल हत्याकांड: हरियाणा पुलिस की गिरफ्त में एक आरोपी; सूटकेस में मिला था कांग्रेस कार्यकर्ता का शव

चंडीगढ़ । हरियाणा पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हिमानी नरवाल का शव 1 मार्च को रोहतक में एक हाईवे के पास एक सूटकेस के अंदर मिला था।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक के हिमानी हत्याकांड को लेकर एसपी से बातचीत की। उन्होंने कहा है कि पुलिस व सरकार पीड़ित परिवार के लिए जल्द न्याय सुनिश्चित करे। दोषी को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। दुख की इस घड़ी में कांग्रेस हिमानी के परिवार संग खड़ी है। पूर्व सीएम हुड्डा के निर्देश पर विधायक भारत भूषण बत्रा और विधायक इंदु राज नरवाल हिमानी नरवाल के घर पहुंचे। हुड्डा ने फोन पर परिवार से बात करके उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में बढ़ता अपराध, खासतौर पर महिलाओं के विरुद्ध वारदातें गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी की हत्या के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र नारायणगढ़ में भी एक बसपा नेता की हत्या हुई थी। इससे पहले बहादुरगढ़ में इनेलो नेता और हांसी में जजपा नेता की हत्या हो चुकी है।

प्रदेश में आधा दर्जन से ज्यादा विधायक फिरौती की वारदातों के शिकार हो चुके हैं। कानून व्यवस्था का इस कद्र दिवाला पिट चुका है कि खुद भाजपा नेता और पुलिस वाले भी सुरक्षित नहीं हैं। हुड्डा ने कहा कि हिमानी हत्याकांड में पुलिस और सरकार को उदाहरण पेश करने वाली कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने की मानसिकता वाले तमाम लोगों को इससे कड़ा संदेश मिले।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!