ChhattisgarhKorba

आपसी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, भाई भी हुआ घायल

कोरबा। कोतवाली थाना इलाके के सीतामणि कुंज नगर बस्ती में पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई।

यहां 26 साल के कृष्णा यादव नाम के युवक के घर नशे में धुत आरोपियों ने जमकर तोड़फोड़ की और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कृष्णा की मौत हो गई, वहीं उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कोतवाली थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिवार वालों और आसपास के लोगों के बयान लिए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।

मृतक कृष्णा यादव के छोटे भाई विक्की यादव ने बताया कि 18 अगस्त को आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उसका बड़ा भाई कृष्णा अपने कुछ दोस्तों के साथ गया था। वहां पर मोती सागर पारा के कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया था। गुरुवार 25 अगस्त की रात कृष्णा ऑटो डील में काम करने के बाद रात लगभग 10 बजे घर पहुंचा। इस दौरान कुछ युवक उसके पीछे-पीछे आ गए। देखते ही देखते काफी संख्या में और युवक आ गए और उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी।

लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनकर घरवाले घर से बाहर निकले और देखा कि सभी कृष्णा पर लाठी-डंडे, पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर रहे हैं। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के लोगों से भी आरोपियों ने हाथापाई की। मृतक के भाई ने कहा कि कुछ युवकों ने उसके भाई को घेर रखा था और बुरी तरह मार रहे थे। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर सभी युवक मौके से फरार हो गए। मृतक के भाई ने बताया कि मारपीट के दौरान उसने डायल 112 और कोतवाली पुलिस को भी फोन किया, लेकिन तब तक आरोपी हत्या कर फरार हो चुके थे। घटना के बाद मृतक के परिजन और बस्तीवासी काफी संख्या में कोतवाली थाने पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने उन्हें आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!