एलजी ने दिखाई हरी झंडी…कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना

जम्मू। बाबा बर्फानी के दर्शन करने अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना हो गया है। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे पूजा अर्चना के बाद उप राज्यपाल व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना किया। भक्तों ने भोले के जयकारे लगाकर यात्रा की शुरुआत की।
कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर के लिए वाहनों का काफिला रवाना किया गया। रविवार को श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर पहुंच गया था। पहली बार यात्रा के दौरान भूस्खलन वाली जगहों से गुजरते वक्त पत्थरों से बचने के लिए हेलमेट दिए जा रहे हैं। श्रद्धालु शनिवार को पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट से पवित्र गुफा की ओर बढ़ेंगे। बालटाल रूट से जाने वाला जत्था शनिवार को ही हिमलिंग के दर्शन करके लौट आएगा।
वहीं, रविवार तक देशभर से यात्रा के लिए भगवती नगर आधार शिविर में 1600 से अधिक तीर्थ यात्री पहुंच चुके थे। इनके लिए शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया था। प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रियों के लिए कट ऑफ समय भी जारी किया है।
इसी के अनुरूप अमरनाथ यात्रियों के अलावा अन्य वाहनों को छोड़ा जाएगा। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और जाम की समस्या से बचने के लिए उठाया है। पर्यटन विभाग के शेड्यूल के मुताबिक उधमपुर के टिकरी, चंद्रकोट व अन्य स्थानों पर जत्थे का स्वागत होगा। जत्थे की रवानगी के दौरान यात्रा रूट पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।









