National

भारत जोड़ो यात्रा में आगे-आगे लूना और पीछे-पीछे राहुल गांधी, प्रियंका ने दिया मजेदार कैप्शन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से हर रोज एक ना एक तस्वीर ऐसी आती रहती है जो सुर्खियां बटोर लेती है। आज फिर ऐसी ही एक तस्वीर आई है। इस फोटो में राहुल के साथ जो यात्रा में कदमताल मिला रहा है वह बेहद खास है। इतना खास कि प्रियंका गांधी भी मजेदार कैप्शन देकर फोटो पोस्ट करने से खुद को रोक नहीं पाई। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में लूना (कुत्ता) भी शामिल हुआ। इस तस्वीर में आगे-आगे लूनो चल रहा है और पीछे राहुल गांधी।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट की लूना की तस्वीर

प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक तस्वीर साझा कर लिखा, “मैं देख रही हूं कि लूना का अपहरण कर लिया गया है!” और तस्वीर पर लिखा, “हम्म्म… मुझे अपनी यात्रा में आमंत्रित करने में आपको सौ दिन से ज्यादा का समय लगा, लेकिन ठीक है… अब मैं यहां हूं।  कुत्ते निस्संदेह मनुष्य के सबसे अच्छे दोस्त होते हैं क्योंकि वे हमें बिना शर्त प्यार देते हैं और यह भावना पारस्परिक है। प्रियंका ने इसी भाव से ये पोस्ट किया।

आगे-आगे लूना और पीछे-पीछे राहुल गांधी
इस तस्वीर में राहुल गांधी लूना के गले में बंधा पट्टा अपने हाथ में पकड़े हुए हैं और लूना राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में कदमताल कर रहा है। इस दौरान ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पानीपत के घरौंदा में कोहंद गांव से शुरू हुई यात्रा में भाग लिया। बता दें कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार सुबह हरियाणा में पानीपत से करनाल जिले में पहुंची और सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की।

तीन हजार किलोमीटर चल चुके हैं राहुल गांधी

कांग्रेस पार्टी की ये भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जोकि 12 राज्यों से होकर जम्मू कश्मीर तक जानी है। राहुल गांधी अबतक तीन हजार किलोमीटर से ज्यादा पैदल चल चुके हैं। अब सिर्फ 342 किलोमीटर की यात्रा बची है। हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब और फिर जम्मू कश्मीर पहुंचेगी।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!