Raipur

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हो रहा है मानसून, कई जिलों में होगी अच्छी बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मानसून पर ब्रेक लगा हुआ है जिसकी वजह से मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। कहीं झमाझम बारिश से मानसून का कोटा फुल हो गया है। तो कई जिलों में औसत से भी कम बारिश हुई है। सरगुजा जिले में सूखे के हालात हैं लेकिन मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के बाद आने वाले दिनों में अब उत्तर छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की उम्मीद की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर से प्रदेश के बड़े हिस्से में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। बीते दिनों कुछ जगहों पर स्थानीय प्रभाव से तेज बारिश हुई है लेकिन बाकी जगहों पर उमस परेशान कर रहा है। मौसम विभाग ने इस सीजन में 1 जून से लेकर 31 अगस्त तक के आंकड़े जारी किए हैं। जिसके मुताबिक 15 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है. प्रदेश में 739.5 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। जिसमें केवल बीजापुर जिले में ही सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।

सरगुजा में सबसे कम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा में अब तक 61 फीसदी कम औसत बारिश हुई है, जो सूखे जैसी स्थिति है. इसी तरह से बलरामपुर में 25 फीसदी कम, बस्तर में 21 फीसदी, बेमेतरा में 30, दंतेवाड़ा में 23, गरियाबंद में 21 फीसदी कम, जांजगीर में 38, जशपुर में 50, कबीरधाम में 35, कांकेर में 32, कोंडागांव में 38, कोरबा में 33, कोरिया में 25, नारायणपुर जिले में 26, रायगढ़ में 21 फीसदी और सूरजपुर जिले में 29 फीसदी कम बारिश हुई है।

अब जिलेवार जानें मौसम का हाल

रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार समेत संभाग के अन्य जिलों में हल्के बादल रह सकते हैं. तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं बिलासपुर संभाग के जिलों में गर्मी और उमस का माहौल है । कुछ जगहों पर स्थानीय प्रभाव से हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है । कुछ स्थानों पर आज भी तेज गर्मी और उमस के हालात रहेंगे। आज दुर्ग जिले का मौसम शुष्क रहेगा, वहीं संभाग के बालोद, राजनांदगांव में तेज धूप रहेगी, बारिश की संभावना कम है। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में बादल पूरी तरह से छंट गए हैं, अब उमस और गर्मी परेशान कर सकती है । कुछ जगहों पर स्थानीय प्रभाव से हल्की बारिश हो सकती है. वहीं संभाग के अन्य जिलों में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा बारिश की संभावना नहीं है, लोगों को गर्मी से राहत नही मिलेगी।

मानसून की स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणिका हिमालय की तराई में लगातार बनी हुई है। एक ऊपरी हवा का चक्रवात उत्तर- पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके असर से कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तापमान में बदलाव नहीं होगा लेकिन 4 सितंबर से अच्छी बारिश हो सकती है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!