ChhattisgarhBilaspur

नगर निगम इंजीनियर हुआ साइबर ठगी का शिकार, एक मैसेज से लगा 1.26 लाख का चूना

बिलासपुर। नगर निगम के इंजीनियर से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने उनके अकाउंट से एक लाख 26 हजार रुपए पार कर दिया। दरअसल, इंजीनियर के मोबाइल पर आए एक मैसेज से उनके साथ धोखाधड़ी हो गई। इंजीनियर ने सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली क्षेत्र के टिकरापारा निवासी सुब्रत कर नगर निगम में इंजीनियर हैं। करीब एक सप्ताह पहले वे विकास भवन स्थित अपने ऑफिस में बैठे थे। इस दौरान उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें उनके एटीएम कार्ड अपडेट नहीं होने की बातें लिखी थीं। मैसेज में एटीएम कार्ड अपडेट करने के लिए एक लिंक भी दिया गया था। इंजीनियर ने बिना जाने समझे लिंक को क्लिक किया और अपने बैंक की गोपनीय जानकारी उसमें दे दी। इतना सब कुछ करने के बाद उनके मोबाइल पर OTP कोड आया। इंजीनियर ने लिंक में OTP कोड भी डाल दिया। कोड डालते ही उनके बैंक अकाउंट से एक लाख एक हजार 178 रुपए कट गए। फिर उन्हें प्रक्रिया पूरी नहीं होने की जानकारी देते हुए दूसरा लिंक भेजा गया। इसमें भी उनसे OTP मांगी गई और दूसरी बार भी उन्होंने मोबाइल पर आए OTP नंबर शेयर कर दिया। इस बार भी उनके बैंक अकाउंट से 4 हजार 999 रुपए कट गए।

दूसरी बार अकाउंट से पैसे कटने पर उनके मोबाइल पर बैंक से मैसेज आया, तब घबराकर उन्होंने बैंक जाकर जानकारी ली। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने बैंक प्रबंधन से अपने अकाउंट को लॉक करने कहा। बैंक की ओर से उनके अकाउंट को लॉक किया गया और पुलिस से शिकायत करने कहा। इसके बाद वे थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!